पीएम मोदी पर कांग्रेस का तीखा हमला- 'जब देश गम में था, तब पीएम फोटोशूट में व्यस्त थे'
टीम चैतन्य भारत नई दिल्ली. पुलवामा हमले को हुए अभी महज एक हफ्ता ही हुआ है और अब इस पर राजनीति भी शुरू हो गई है। आतंकी हमले के बाद हाल ही में कांग्रेस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने बीजेपी पर पुलवामा हमले को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया है। बीजेपी पर हमला बोलते हुए कांग्रेस ने कहा कि, 'पीएम मोदी और अमित शाह बस इसका राजनीतिक फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय शोक की घोषणा भी नहीं की।' फोटोशूट करवा रहे थे पीएम मोदी रिपोर्ट्स की मानें तो प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए ये कहा कि, 'जिस वक्त देश शहीदों के शव के टुकड़े चुन रहा था, उस वक्त पीएम मोदी अपने नाम के नारे लगवा रहे थे और अमित शाह रैली में कांग्रेस पर हमला कर रहे थे।' सुरजेवाला ने आगे कहा कि, 'जब देश दोपहर में हुए पुलवामा अटैक पर शहीदों की जान जाने पर रो रहा था, तब पीएम मोदी शाम तक जिम कॉर्बेट पार्क में शाम तक फोटो शूट कराते रहे। पूरी दुनिया में कोई ऐसा पीएम है क्या?' राष्ट्रीय शोक क्यों नहीं रखा? कांग्रेस प्रवक्ता ने पीएम को आड़े हाथों लेते हुए कहा, 'मेरे पास इस आचरण के लिए कोई शब्द नहीं बचे हैं। हमले के बाद मोदी और शाह ने राष्ट्रीय शोक की भी घोषणा नहीं की, ताकि उनकी रैलियां और राजनीतिक कार्यक्रम रुक न जाएं।' कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी कहा कि, 'पुलवामा में यह हमला 3 बजकर 10 मिनट पर हुआ था और कांग्रेस ने 5 बजकर 30 मिनट पर अपनी प्रतिक्रिया दी, लेकिन पीएम को इस हमले पर दो शब्द कहने तक का समय नहीं मिला था। उन्होंने उसी दिन कैबिनेट की बैठक क्यों नहीं बुलाई?' कांग्रेस प्रवक्ता के सरकार से 5 सवाल- -पीएम अपनी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और गृह मंत्री की विफलता क्यों स्वीकार नहीं करते? -आतंकियों तक इतना आरडीएक्स और रॉकेल लांचर कहां से आया? -जैश के हमले से 48 घंटे पहले के वीडियो को नज़रअंदाज कैसे कर दिया? -सरकार और गृह मंत्रालय ने बीएसएफ और सेना को हवाई मार्ग से जाने के निवेदन को खारिज क्यों किया? -पिछले 56 महीनों में 488 जवान शहीद हुए? नोटबंदी से आतंकी हमले बंद क्यों नही हुए? Read the full article












