- शनिवार को राउंड-4, रविवार को राउंड-5 व बुधवार को अंतिम राउंड-7 में सीट आवंटन।
- रविवार को खुले रहेंगे आईआईटी के सभी रिपोर्टिंग सेंटर्स
- 23 आईआईटी की 12,071 सीटों पर होगे एडमिशन
न्यूजवेव @ कोटा
आईआईटी में दाखिले के लिए चल रही जेईई-एडवांस्ड की काउंसलिंग प्रक्रिया में 14 जुलाई (शनिवार) शाम 4 बजे पांचवे राउंड में सीटें आवंटित की गईं। चयनित अभ्यर्थी रविवार प्रातः 8 से रात 8 बजे तक आईआईटी के संबंधित रिपोर्टिंग सेंटर्स पर रिपोर्ट कर सकेंगे।
इसके पश्चात् 15 जुलाई (रविवार) को ही रात 10 बजे छठे राउंड में सीट आवंटन किया जाएगा। ये अभ्यर्थी 16 व 17 जुलाई प्रातः 10 से शाम 5 बजे तक दस्तावेजों की जांच, स्वीकृति या सीट वापसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके पश्चात् 18 जुलाई को दोपहर 1 बजे फाइनल सातवें राउंड में सीट आवंटित की जाएगी।
सीट आवंटन से समय बचाया
जेईई-एडवांस्ड की काउसंलिंग 15 जून से प्रारंभ हुई थी लेकिन पहले दो राउंड में सीट आवंटन होने के बाद 2 जुलाई को मद्रास हाईकोर्ट द्वारा काउंसलिंग रोकने के आदेश दिए जाने पर काउंसलिंग मे व्यवधान रहा। इसके पश्चात् देशभर के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने चिंता जताई कि काउंसलिंग शैड्यूल के अनुसार उन्होंने यात्रा के लिए पहले से रिजर्वेशन करवाए हैं। तारीखों में ज्यादा बदलाव होने पर वे समय पर रिपोर्टिग सेंटर तक नहीं पहंुच पाएंगे। आईआईटी ने इसे गंभीरता से लेते हुए संशोधित शैड्यूल में अतिरिक्त समय देकर सीट आवंटन को निर्धारित समय पर पूरा करने का प्रयास किया है।
रिपोर्टिंग के लिए समय बढ़ाया
जोसा वेबसाइट पर संशोधित शैड्यूल जारी किया गया, जिसके अनुसार, 10 जुलाई को राउंड-3 व 12 जुलाई को राउंड-4 में सीटें आवंटित की गई। अभ्यार्थियों द्वारा सीट स्वीकृति के बाद 14 जुलाई को राउंड-5 का सीट आवंटन किया गया। आईआईटी सूत्रों के अनुसार, चौथे व पांचवे राउंड के लिए परीक्षार्थियों के दस्तावेजों की जांच, सीट स्वीकृति या वापसी के लिए सभी रिपोर्टिंग सेंटर्स पर प्रातः 8 से रात 8 बजे तक समय निर्धारित किया है, जिससे काउंसलिंग प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूरी की जा सके।
सभी आईआईटी रिपोर्टिंग सेंटर्स पर 2 दिन में 16 घंटे का समय देकर काउंसलिंग प्रक्रिया को पूर्व निर्धारित शैड्यूल के अनुसार ही 18 जुलाई तक पूरा कर दिया जाएगा।
आईआईटी की 1852 सीटों पर बेटियां
वायब्रेंट एडकेडमी के निदेशक एम.एस.चौहान ने बताया कि जेईई-एडवांस्ड में क्वालिफाई स्टूडेंट्स काउंसलिंग को लेकर चिंतित रहे लेकिन आईआईटी, कानपुर ने विद्यार्थियों के हित में संशोधित शैड्यूल जारी कर राहत दी है। इस वर्ष बड़ी संख्या में गर्ल्स को रिपोर्टिंग सेंटर्स पर जाकर रिपोर्टिंग करना है। अपनी रैंक के अनुसार स्टूडेंट्स 15 से 17 जुलाई तक अगले राउंड में सीट स्वीकृत या विदड्राल कर सकते हैं। अभी तक आईआईटी की 12071 सीटों में से 10,219 सीटें ब्वायज एवं 1852 सीटें गर्ल्स को आवंटित की गई हैं।
याद दिला दें कि जेईई एडवांस्ड-2018 की विस्तारित मेरिट सूची में कुल 31,980 परीक्षार्थी क्वालिफाई घोषित किए गए हैं जिसमें सामान्य वर्ग के 17,748, ओबीसी-एनसीएल के 6,964, एससी के 5,480 एवं एसटी के 1,788 परीक्षार्थी काउंसलिंग प्रकिया में भाग ले रहे हैं।
काउंसलिंग का रिवाइज्ड शैड्यूल
14 जुलाई (शाम 4 बजे) - सीट आवंटन राउंड-5
15 जुलाई (प्रातः 8 से रात 8 बजे)- डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, सीट स्वीकृति या वापसी
15 जुलाई (रात 10 बजे)- सीट आवंटन राउंड-6
16-17 जुलाई (प्रातः 10 से 5 बजे)- डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, सीट स्वीकृति या वापसी
18 जुलाई (दोपहर 1 बजे)-सीट आवंटन राउंड-7
Read the full article