साइबर अपराधियों ने अपनाया Live Streaming Partnership के नाम पर YouTube चैनल हाइजैक करने का नया तरीका
अगर आप कोई यूट्यूब चैनल चलाते हैं और उस चैनल से कमाई करना चाहते हैं, तो सावधान हो जायें! इन दिनों YouTube क्रिएटर्स को WhatsApp, Instagram और Facebook पर एक विज्ञापन या संदेश भेजा जा रहा है, जिसमें खुद को Live Streaming Company या Streaming Partner बताने वाले लोग चैनल की कमाई बढ़ाने का दावा करते हैं। शुरुआत में ये लोग बेहद आकर्षक ऑफ़र देते हैं, जैसे रोज़ाना ₹3,000 से ₹5,000 तक की तय रकम, बिना किसी निवेश के, और बिना चैनल लॉगिन डिटेल्स लिए। यही इस स्कैम का पहला जाल होता है। अगले चरण में ये लोग आपके YouTube चैनल की रिव्यू करने का दावा करते हैं और कहते हैं कि आपका चैनल उनके लिए पूरी तरह उपयुक्त है। इसके बाद वे भरोसा दिलाते हैं कि उन्हें आपके ईमेल या पासवर्ड की ज़रूरत नहीं है, बल्कि केवल YouTube Studio ऐप के ज़रिए अनुमति या मैनेजर एक्सेस देना होगा। यह बात सुनने में सुरक्षित लगती है, लेकिन असल में यही सबसे खतरनाक कदम होता है। तीसरे चरण में ये लोग चरणबद्ध निर्देश भेजते हैं, YouTube Studio खोलने, सेटिंग्स में जाकर परमिशंस सेक्शन में किसी अनजान ईमेल आईडी को प्रबंधक के रूप में जोड़ने को कहते हैं। साथ ही वे यह भी कहते हैं कि लाइव स्ट्रीम के लिए वे खुद सारी तकनीकी ज़िम्मेदारी संभालेंगे। यहीं से चैनल पर उनका वास्तविक नियंत्रण शुरू हो जाता है। चौथे चरण में वे आपसे स्क्रीनशॉट भेजने को कहते हैं, ताकि यह पुष्टि कर सकें कि उन्हें सही तरीके से एक्सेस मिल गया है। जैसे ही स्क्रीनशॉट भेजा जाता है, स्कैमर यह सुनिश्चित कर लेते हैं कि उन्हें चैनल पर लाइव स्ट्रीम चलाने, स्ट्रीम की सेटिंग बदलने और बाहरी स्ट्रीम सॉफ़्टवेयर का उपयोग करने की पूरी अनुमति मिल चुकी है। पाँचवें चरण में, आपके चैनल पर बिना आपकी जानकारी के लाइव स्ट्रीम शुरू की जाती है। इनमें अक्सर कॉपीराइटेड कंटेंट, क्रिप्टो या फर्जी निवेश योजनाएँ, ऑनलाइन जुआ, भ्रामक विज्ञापन या आपत्तिजनक सामग्री चलाई जाती है। YouTube की नीतियों के अनुसार इन सभी गतिविधियों की कानूनी और नीतिगत ज़िम्मेदारी चैनल मालिक की होती है, न कि लाइव चलाने वाले तीसरे पक्ष की। अंतिम चरण में, जब YouTube को नीति उल्लंघन दिखाई देता है, तो चैनल पर कॉपीराइट स्ट्राइक, कम्युनिटी गाइडलाइन स्ट्राइक या सीधे चैनल टर्मिनेशन तक की कार्रवाई हो सकती है। इस दौरान स्कैम करने वाले लोग या तो गायब हो जाते हैं, या फिर भुगतान के नाम पर बहाने बनाते रहते हैं। न तो तय रकम मिलती है और न ही चैनल सुरक्षित रहता है। विशेषज्ञों की सलाह है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या कंपनी को YouTube Studio में प्रबंधक अनुमति कभी न दें, चाहे वे कितना ही बड़ा ऑफ़र क्यों न करें। कोई भी असली कंपनी लिखित अनुबंध, आधिकारिक वेबसाइट, पूर्व क्लाइंट्स और स्पष्ट भुगतान शर्तों के बिना इस तरह की साझेदारी नहीं करती। अगर आपको भी इस तरह का संदेश मिला है, तो सतर्क रहें, अपने चैनल की सुरक्षा करें और दूसरों को भी इस स्कैम के बारे में जागरूक करें। याद रखें, YouTube चैनल की एक छोटी सी अनुमति भी चैनल को बनाने में लगी आपकी सालों की मेहनत बर्बाद कर सकती है।















