जन्मदिन विशेष: पत्नी राखी के फिल्मों में काम करने के खिलाफ थे गुलजार, इस बात का हमेशा रहा मलाल
चैतन्य भारत न्यूज
हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री राखी गुलजार का 15 अगस्त यानी आज जन्मदिन है। जन्मदिन के इस खास मौके पर आज हम आपको बताने जा रहे हैं, राखी से जुड़ी कुछ ऐसी खास बातें जिन्हे आप शायद ही जानते होंगे। बता दें राखी ने अपना फिल्मी सफर बंगला भाषा से शुरू किया था। उन्हें महज दो ही बंगाली फिल्मों में अभिनय करने का मौका मिला।
राखी महज 15 साल की उम्र में ही किसी की पत्नी बन चुकी थीं। उनकी शादी बंगाली निर्देशक अजय बिस्वास के साथ हो गई, लेकिन कुछ वर्षों बाद ही वे दोनों अलग हो गए। कहा जाता है कि राखी को देखने के बाद जाने-माने निर्देशक और गीतकार गुलजार को पहली नजर में उनसे प्यार हो गया था। अपने फिल्मी करियर में सफल होने के बाद राखी ने गुलजार से 15 मई 1973 को शादी कर ली। फिर इनके घर बेटी मेघना का जन्म हुआ। लेकिन यह शादी भी ज्यादा नहीं टिकी और मेघना के पैदा होने के एक साल बाद ये दंपत्ति अलग हो गया।
दरअसल गुलजार राखी के फिल्मों में काम करने के खिलाफ थे, जिसे राखी ने स्वीकार भी किया। राखी को उम्मीद थी कि बाहर की फिल्मों में नहीं लेकिन उन्हें पति की फिल्मों में जरूर काम मिलेगा। लेकिन राखी को गुलजार ने एक भी फिल्म में साइन नहीं किया। वहीं राखी को हमेशा इस बात का मलाल रहा कि गुलजार ने उनके लिए कोई रोल नहीं लिखा क्योंकि गुलजार की हीरोइनें हमेशा अपने मजबूत किरदार की वजह से पहचानी जाती रही हैं।
ऐसा कहा जाता है कि, फिल्म में काम करने को लेकर राखी और गुलजार के बीच मनमुटाव इतना ज्यादा हो गया था कि, दोनों के बीच कई बार झगड़े हो जाते थे। इतना ही नहीं बल्कि ये भी कहा जाता है कि, गुलजार ने किसी बात पर राखी को बहुत बुरी तरह पीटा था।
बता दें राखी ने अपने करियर में 'कभी-कभी', 'मुकद्दर का सिकंदर', 'कसमे वादे', 'त्रिशूल', 'शहजादा', 'हीरा-पन्ना', 'दाग', 'आंचल', 'राम-लखन' और 'करण-अर्जुन' जैसी कई फिल्मों में काम किया। एक लंबे अर्से से पर्दे से दूर राखी अब बिल्कुल अलग दिखती हैं। उन्हें छोटे-छोटे बालों में देखकर तो शायद आप उन्हें पहचान ही ना पाएं। मां के रोल में उनका संजीदा अभिनय हमेशा दर्शकों के दिल में उतरा और आज भी लोग उनके अभिनय के कायल है।