राम मंदिर पर बोले वेदांती भाजपा मंदिर मुद्दे पर कुछ नहीं करने वाली अयोध्या : विश्व हिंदू परिषद के फायर ब्रांड संत और राम जन्मभूमि न्यास के वरिष्ठ सदस्य राम विलास वेदांती ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा चाहे कितने ही चुनाव क्यों न हार जाए लेकिन मंदिर मुद्दे पर कुछ करने वाली नहीं। भाजपा सरकार न तो राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ करने के लिए संसद मे बिल लाने जा रही है और न ही इस पर कोई अध्यादेश ही आने वाला है। वेदांती ने कहा, ‘अब साफ हो गया है कि भाजपा के एजेंडे में भव्य राम मंदिर का निर्माण है ही नहीं।’ उन्होंने कहा कि वीएचपी की धर्म सभाओं में संतों, संघ और वीएचपी नेता राम मंदिर के लिए संसद में कानून बनाने के लिए चाहे कितनी ही जोरदार मांग कर रहे हों लेकिन भाजपा पर इसका कोई असर नही दिख रहा है। वेदांती ने कहा, ‘जिस तरह से राम मंदिर को लेकर संघ परिवार में सरगर्मी दिखी थी उससे मुझे लगा था कि दिसंबर में राम मंदिर पर सरकार कोई ठोस फैसला करेगी पर अब सब गर्भ मे चला गया है।’ वेदांती ने कहा, ‘मोदी अगेन की मुहिम को मैंने चलाया, जिसके तहत मंदिर-मस्जिद विवाद को आपसी सहमति से हल करने के लिए मुस्लिम धर्म गुरुओं व उलेमाओं ने देश के कई केंद्रों पर जाकर सहमति बनाने के लिए वार्ता भी की। उनका कहना है कि मुस्लिम धर्मगुरू भी चाहते हैं कि यह विवाद जल्द हल हो जाए।