परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम मिसाइल अग्नि-5 का हुआ सफल परीक्षण भारत ने ओडिशा के बालासोर में रविवार को स्वदेशी मिसाइल अग्नि-5 का सफल परीक्षण किया। यह लॉन्ग रेंज बलिस्टिक मिसाइल परमाणु हथियार ले जा सकती है। 5,000 किमी तक की मारक क्षमता वाली मिसाइल को डॉ. अब्दुल कलाम टापू से लॉन्च किया गया। यह अब तक की सबसे अडवांस्ड मिसइल है। यह मिसाइल जमीन से जमीन तक वार कर सकती है। रक्षा सूत्रों के मुताबिक इसे बंगाल की खाड़ी स्थित कलाम टापू के इंटिग्रेटेड टेस्ट रेंज के पैड-4 से 9:48 बजे लॉन्च किया गया। अपनी तरह की अग्नि-5 का परीक्षण छठी बार किया गया है। परीक्षण के दौरान मिसाइल ने क्षमता के अनुसार दूरी तय की। सूत्रों के मुताबिक मिसाइल की फ्लाइट परफॉर्मेंस को ट्रैक किया गया और रडार, उपकरणों और ऑब्जर्वेशन स्टेशन्स के जरिये मॉनिटर किया गया। रक्षा शोध और विकास संगठन के एक अधिकारी के मुताबिक दूसरी मिसाइलों से अलग अग्नि-5 सबसे अडवांस्ड है। यह नैविगेशन और दिशा-निर्देशन, वॉरहेड और इंजिन संबंधी नई तकनीकों से लैस है।