विधानसभा चुनाव 2019 : ओडिशा में 5वीं बार पटनायक सरकार, जानें सिक्किम, आंध्रप्रदेश और अरुणाचल प्रदेश का हाल
चैतन्य भारत न्यूज
लोकसभा चुनाव 2019 की मतगणना के साथ ही आज देश के चार प्रदेश आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की मतगणना भी चल रही है। आंध्रप्रदेश में भाजपा और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला। यहां वाईएसआर कांग्रेस की जीत हुई है। ओडिशा की बात करें तो यहां बीजद ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर जीत दोहराई है। सिक्किम में पवन चामलिंग की एसडीएफ पार्टी आगे चल रही है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में भाजपा ने बढ़त बनाई है।
आंध्रप्रदेश
आंध्रप्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस को बहुमत मिल गया है। यहां 46 साल के जगनमोहन रेड्डी ने जीत हासिल की है। रेड्डी राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। वे 30 मई को शपथ ले सकते हैं। रेड्डी ने विधानसभा चुनाव में 69 साल के टेक सेवी मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की पार्टी तेदेपा को हराया है। आंध्रप्रदेश में बहुमत हासिल करने के लिए 175 सीटों में से 88 सीटें होना जरुरी हैं। यहां वाईएसआर कांग्रेस 152 सीटों पर आगे चल रही है।
ओडिशा
ओडिशा में बीजद पार्टी के नेता नवीन पटनायक ने लगातार पांचवीं बार जीत हासिल की है। जल्द ही पटनायक प्रदेश में पांचवी बार सरकार बनाने की शपथ लेंगे। इससे पहले उन्होंने 2000, 2004, 2009 और 2014 में सरकार बनाई थी। ओडिशा में पटनायक की पार्टी बीजद 115 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इस राज्य में सरकार बनाने के लिए कुल 147 सीटों में से 74 सीटें चाहिए। सीएम पटनायक की पार्टी ने 115 सीटें हासिल कर ली है।
सिक्किम
सिक्किम में 32 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुए हैं। सिक्किम की कुल 32 सीटों में से अब तक 17 के रुझान सामने आए हैं। इन 17 सीटों में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। बता दें फिलहाल सिक्किम में सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट की सरकार है। यहां के मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग हैं। सिक्किम में शुरुआत से ही क्षेत्रीय दलों का बोलबाला रहा है।
अरुणाचल प्रदेश
अरुणाचल प्रदेश विधानसभा में बीजेपी आगे नजर आ रही है। बता दें इस राज्य में कुल 60 सीटें हैं जिनमें से अब तक 30 के रुझान सामने आए हैं। इन सभी सीटों में बीजेपी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। गौरतलब है कि इस राज्य में फिलहाल बीजेपी की ही सरकार है। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम पेमा खांडू हैं।
Read the full article