गणतंत्र दिवस परेड के बाद किसान निकाल सकेंगे परेड
तीन रूटों पर परेड निकालने की इजाजत
कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग पर अड़े किसानों को काफी जद्दोजहद करने के बाद 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड निकालने की इजाजत दे दी गई है। किसानों को दिल्ली पुलिस ने कुछ शर्तों के साथ ही ट्रैक्टर परेड निकालने की इजाजत दी है। 26 जनवरी को किसानों को दिल्ली पुलिस के द्वारा सिर्फ तीन ही रूटों पर ट्रैक्टर परेड निकालने की अनुमति दी गई है। बता दें कि दिल्ली पुलिस द्वारा किसानों को 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड खत्म होने के बाद ही दिल्ली के तय किए गए रूटों पर ट्रैक्टर परेड निकालने की अनुमति दी गई है। दिल्ली पुलिस ने किसानों को सिर्फ सिंघु, टीकरी व गाजीपुर बार्डर पर परेड निकालने की इजाज़त दी है।
वहीं, विशेष आयुक्त इंटेलिजेंस दीपेंद्र पाठक ने रविवार शाम पुलिस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि किसानों को परेड निकालने के लिए सिंघु बॉर्डर पर 62 किलोमीटर, गाजीपुर बॉर्डर पर 46 किलोमीटर और टीकरी बॉर्डर पर 63 किलोमीटर का दायरा तय किया गया है। किसान तय किए गए दायरे में ही परेड निकाल सकते हैं। बता दें कि परेड का 100 किलोमीटर से ज्यादा का रूट तीनों बॉर्डरों से दिल्ली में होगा। साथ ही परेड के लिए जो इलाके तय किए गए हैं, वो भी दिल्ली की सीमा से सटे हुए हैं।
आपकों बता दें कि ट्रैक्टर परेड में हिंसा फैलाने की पाकिस्तान की साजिश भी सामने आई है। इस साजिश को रचने के लिए पड़ोसी देश ने इंटरनेट मीडिया का सहारा लिया। उसने 308 ट्विटर अकाउंट बनाए हैं, जिसकी जानकारी इंटेलिजेंस को मिल गई है। लिहाजा सुरक्षा के मद्देनजर बेहद कड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं।











