पिछले 11 साल से तैरकर ऑफिस जा रहा है ये आदमी, वजह आपको हैरान कर देगी!
चैतन्य भारत न्यूज ऑफिस टाइम पर पहुंचने के लिए लोग ना जाने कितने ही तरीके अपनाते हैं। कुछ लोग बस का सहारा लेते हैं तो कुछ खुद की गाड़ी, ट्रेन या कैब से ऑफिस जाते हैं। लेकिन हम आपको आज एक ऐसे शख्स के बारे में बता रहे हैं जो तैरकर ऑफिस जाता है। जी हां... भले ही जानकर आप हैरान हो गए हो लेकिन इस शख्स के बारे में दुनियाभर में चर्चाएं हो रही हैं।
ये शख्स चीन का रहने वाला है जिसका नाम झू बीवू है। 53 वर्षीय झू बीवू रोजाना यांग्ट्जी नदी को तैरकर पार करके ऑफिस पहुंचते हैं। वो ऐसा शहर के ट्रैफिक से बचने के लिए करते हैं। झू बीवू आज से नहीं बल्कि पिछले करीब 11 साल से इसी तरह ऑफिस जा रहे हैं। रोजाना झू बीवू अपने ऑफिस पहुंचने के लिए 2.2 किमी तक तैरते हैं। उन्हें नदी को पार करने में 30 मिनट लगते हैं। लेकिन अगर झू बीवू ट्रेन से जाएं तो उन्हें ऑफिस पहुंचने में एक घंटा लग जाता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, झू बीवू हेनयांग जिले में रहते हैं। वे वुचांग स्थित फूड मार्केट में बतौर मैनेजर काम करते हैं। झू बीवू का इस बारे में कहना है कि, वह सिर्फ अपना समय बचाने के लिए ही नहीं बल्कि खुद को स्वस्थ रखने के लिए भी तैरकर ऑफिस जाते हैं। इससे उनकी एक्सर्साइज हो जाती है। झू बीवू ऑफिस जाने के लिए सुबह करीब सात बजे ही नदी किनारे पहुंच जाते हैं। वे अपने कपड़े, जूते और बाकी का जरूरतपूर्ति सामान एक वॉटर प्रूफ बैग में रख लेते हैं। नदी को पार करने के बाद वे कपड़े पहनकर तैयार हो जाते हैं और फिर ऑफिस चले जाते हैं।
झू बीवू के मुताबिक, पहले उनका वजन करीब 100 किलो था और उन्हें टाइप-2 शुगर की बीमारी भी थी। लेकिन, जब से उन्होंने तैरना शुरू किया है तब से ही उनका वजन कम हो गया है। साथ ही झू बीवू की ब्लड शुगर भी नॉर्मल है। झू बीवू हर तरह की बीमारियों से दूर स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। Read the full article











