तेल गया हाथ से छूट इसलिए पकड़ा है ऊँट : महंगाई के विरोध में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
New Post has been published on http://goo.gl/08Zkxu
तेल गया हाथ से छूट इसलिए पकड़ा है ऊँट : महंगाई के विरोध में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
जयपुर 09 जुलाई। केन्द्र की एनडीए एवं राज्य की भाजपा सरकार द्वारा जनविरोधी नीतिगत फैसले लेकर महँगाई को अनियंत्रित रूप से बढ़ाये जाने के विरोध में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज प्रदेश की सभी जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा जिला मुख्यालय स्थित जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने जयपुर शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा जयपुर कलेक्ट्रेट पर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष श्री रामेश्वर डूडी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भारी संख्या में उपस्थित कांग्रेसजनों को सम्बोधित करते हुए श्री पायलट ने कहा कि केन्द्र की एनडीए सरकार ने महँगाई को मुद्दा बनाकर चुनाव लड़ा था और सत्ता में आते ही महँगाई को बेतहाशा रूप से बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने सबसे पहले रेल यात्री किराये एवं माल भाड़े में वृद्धि की, इसके बाद डीजल-पैट्रोल-गैर रियायती गैस सिलेण्डर के दामों में अनावश्यक वृद्धि करके आमजन पर भारी बोझ डाल दिया।
इसी प्रकार राज्य की भाजपा सरकार ने राजस्थान रोडवेज के किराये में 16 प्रतिशत तक की वृद्धि करके आमजन के लिए यातायात को दुर्लभ बना दिया है। दूध एवं दूध निर्मित खाद्य पदार्थो सहित आलू, प्याज व अन्य सब्जियों के दामों में भारी बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि चाय चौपाल लगाकर जनता को भ्रमित कर वोट बटोरने वाली पार्टी ने आम उपभोग में काम आने वाली चीनी पर 25 प्रतिशत आयात शुल्क बढ़ाकर आम आदमी की चाय को कड़वा करने के साथ ही जमाखोरी को भी बढ़ावा दिया है।
पायलट ने कहा कि प्रदेश की मुख्यमंत्री द्वारा मनरेगा को समाप्त करने की अभिशंषा करना दुर्भाग्यपूर्ण है तथा महँगाई से त्रस्त गरीब जनता को पूर्ववर्ती यूपीए सरकार द्वारा सुनिश्चित किए गए रोजगार के अधिकार पर कुठाराघात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक सजग विपक्ष के रूप में सदैव जनहित हेतु संघर्ष के लिए तत्पर रहेगी और जनता के साथ अन्याय नहीं होने देगी।
इस अवसर पर उपस्थित नेता प्रतिपक्ष श्री रामेश्वर डूडी, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रामचन्द्र सराधना, प्रभारी महासचिव सुरेश चौधरी, प्रवक्ता डॉ. अर्चना शर्मा, प्रभारी सचिव अजीतसिंह यादव, पूर्व विधायक प्रतापसिंह खाचरियावास, पूर्व केन्द्रीय मंत्री लालचन्द कटारिया, अमीन कागजी, ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष चिरंजीलाल बड़ाया, महासचिव पुखराज पराशर, पूर्व सांसद डॉ. महेश जोशी, प्रदेश कांग्रेस सचिव डॉ. खानू खाँ बुधवाली, अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमेन मो. माहिर आजाद, पूर्व मंत्री बृजकिशोर शर्मा, मुमताज मसीह, जिला प्रमुख हजारीलाल नागर, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष सलीम कागजी, शंकरलाल मीणा, संजय बापना, डॉ. प्रहलाद रघु, उप जिला प्रमुख नारायण कुल्हरिया, प्रधान श्रीमती उर्मिला शर्मा, जयपुर शहर एवं देहात के प्रमुख कांग्रेसजन उपस्थित रहे।