हर काल का खिलाड़ी अलग परिस्थितियों में खेलता है इसलिए उसकी तुलना सही नहीं है : सचिन तेंदुलकर मुंबई : विराट कोहली क्रिकेट के हर फॉर्मेट में जिस तरह का प्रदर्शन कर रहे हैं, उसे देखकर यह कहा जाने लगा है कि वे जल्दी ही ‘क्रिकेट के भगवान’ मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे. संभव है कि भविष्य में ऐसा हो भी जाये, क्योंकि वे अभी मात्र 29 साल के हैं और अभी कम से कम वे चार-पांच साल पक्का क्रिकेट खेलेंगे. कोहली की इसी रफ्तार को देखते हुए उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर से हो रही है. हालांकि सचिन ने इस तुलना पर कहा कि हर काल का खिलाड़ी अलग परिस्थितियों में खेलता है इसलिए उसकी तुलना सही नहीं है. लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं कि दोनों की तुलना हो रही है, तो आइए देखें दोनों के रिकॉर्ड में क्या है समानता- कैसा रहा है टेस्ट कैरियर ? टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 200 टेस्ट खेलकर कुल 15921 रन बनाये, जिसमें 51 शतक और 68 अर्द्धशतक शामिल है. इनका अधिकतम स्कोर नॉटआउट 248 है. विराट कोहली ने अभी तक अपने कैरियर में 73 मैच खेलकर कुल 6331 रन बनाये हैं. जिसमें 24 शतक और 19 अर्द्धशतक शामिल है. कोहली का अबतक का अधिकतम स्कोर 243 है. अगर दोनों के आंकड़ों की तुलना करें तो सचिन ने कोहली की अपेक्षा दुगुने से भी ज्यादा मैच खेला है और कोहली अगर अपने खेले गये मैच का दुगुना खेलते हैं और इसी रफ्तार से रन बनाते हैं तो कहना ना होगा कि उन्हें सचिन के रिकॉर्ड तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकेगा. एकदिवसीय मैचों में कैसा रहा दोनों दिग्गजों का रिकॉर्ड बात अगर एकदिवसीय मैचों की करें तो सचिन ने अपने कैरियर में कुल 463 मैच खेलकर उन्होंने 18426 रन बनाये हैं. उनका अधिकतम स्कोर 200 रहा और उन्होंने कुल 49 शतक और 96 अर्द्धशतक जड़े . जबकि विराट कोहली ने उनसे आधे से भी कम मैच 216 खेलकर कुल 10232 रन बनाये हैं. उनका अधिकतम स्कोर 183 रहा, जबकि कोहली ने 38 शतक और 48 पचासा बनाया है. जहां तक बात स्ट्राइक रेट की है, तो कोहली का स्ट्राइक रेट 92.88 है, जबकि सचिन का 86.23 था. हाल ही में कोहली ने तेंदुलकर का सबसे तेज 10,000 रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया है. सचिन ने कुल 49 ओडीआई शतक बनाया है, जबकि कोहली उनसे मात्र 11 शतक दूर हैं और जिस रफ्तार से वे शतक जड़ रहे हैं यह लक्ष्य ज्यादा दूर नहीं लगता है. अभी भारत को आस्ट्रेलिया में ओडीआई सीरीज खेलना, निश्चित तौर पर कोहली इस सीरीज के जरिये सचिन के रिकॉर्ड के और करीब पहुंचेंगे. Sport news desk Report