चंदनकियारी से पुरुलिया जा रहा ट्रेकर दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत चंदनकियारी : जिला के चंदनकियारी थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में एक महिला शामिल है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बोकारो जेनरल हॉस्पिटल (बीजीएच) में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि झरिया और चंदनकियारी के बीच गलगलटांड़ के पास एक ट्रेकर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रेकर चालक और एक महिला की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गयी। मृतक ट्रेकर चालक की पहचान प्रेमचंद महतो के रूप में हुई है, जबकि महिला का नाम पुष्पा देवी बताया गया है। चंदनकियारी के आमडीहा से एक परिवार ट्रेकर में सवार होकर पुरुलिया जा रहा था। परिवार को पुरुलिया के किसी मंदिर में पूजा करनी थी। ट्रेकर की स्पीड बहुत ज्यादा थी और चालक अपना नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रेकर पलट गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।










