मोदी का दिवाली गिफ्ट – 59 मिनट में मिलेगा 1 करोड़ का लोन नई दिल्ली : देश में रोजगार देने के मामले में दूसरे नंबर पर आने वाले लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई ) क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कई नए कदमों की घोषणा की जिसमें इस क्षेत्र की इकाइयों को मात्र 59 मिनट में एक करोड़ रुपये तक के ऋण की आनलाइन मंजूरी की सुविधा वाला एक पोर्टल भी है। उन्होंने इन कदमों को ऐतिहासिक बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के तहत पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां अब इस सुविधा के माध्यम से सिर्फ 59 मिनट में एक करोड़ रुपये तक का ऋण हासिल कर सकती हैं। इसके अलावा लोन पर छोटे कारोबारियों को 2 फीसद की छूट मिलेगी। एमएसएमई सेक्टर को ताकत देने के लिए 12 नीतियों को अंतिम रूप दिया है। इन नीतियों को ‘दिवाली गिफ्ट’ बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इन नीतियों से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए पूंजी/क्रेडिट तक पहुंच बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इन नीतियों से इस सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा और नए रोजगार सृजित होंगे। 59 मिनट में 1 करोड़ रुपये तक लोन की योजना भी इन 12 नीतियों में शामिल है। ईज ऑफ डुईंग बिजनेस रैंकिंग में शीर्ष 50 में शामिल हो जाएगा भारत – सपॉर्ट ऐंड आउटरीच इनिशटिव के लॉन्च इंवेट में 59-मिनट लोन पोर्टल की लॉन्चिंग का ऐलान करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उद्योग शुरू करने में सबसे बड़ी समस्या लोन लेना है। इसी वजह से हमने लोन पोर्टल शुरू किया है। इस दौरान मोदी ने यह भी कहा कि भारत जल्द ही ईज ऑफ डुईंग बिजनेस में शीर्ष-50 में शामिल हो जाएगा। मोदी ने इस रैंकिंग में 23 अंक की छलांग पर कहा कि उनकी सरकार ने चार साल मों जो हासिल किया उसकी बहुत से लोगों को कल्पना नहीं की थी। इस दौरान भारत ने जो हासिल किया वह दुनिया के किसी भी देश ने हासिल नहीं किया है। लोन के लिए अप्लाई करने का प्रोसेस – लोन के लिए psbloansin59minutes.com पर जाकर अप्लाई करें। यहां आवेदनकर्ता का नाम, ईमेल आईडी, फोन नंबर भरकर ओटीपी जनरेट कर रजिस्टर करना होगा। इसके बाद लोन के लिए आगे की प्रक्रिया करनी होगी। National news desk Report by : Chandan Das