व्हाइट कलर की ड्रेस में नजर आये दीपिका पादुकोण-रणवीर सिंह दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की शादी कोंकणी रीति-रिवाज से बुधवार को इटली के लोम्बार्डी में लेक कोमो पर बने विला डेल बालबियानेलो में संपन्न हुई. इस दौरान परिवार के करीबी सदस्यों के अलावा कुछ चुनिंदा हस्तियां शामिल हुई. शादी की तसवीरें और वीडियोज लीक न हो इसका स्टार्स ने खास ख्याल रखा. बावजूद इसके शादी की कुछ तसवीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. हालांकि बॉलीवुड के 'बाजीराव मस्तानी' की ओर से कोई ऑफिशियल तसवीर शेयर नहीं की गई है. कई मीडिया हाउसेस ने भी इस मौके की तसवीर लेने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे. सामने आईं तसवीरें साफ तो नहीं लेकिन समझा जा सकता है कि दीपिका और रणवीर ने कैसा पहनावा पहना है.तसवीरों में साफ है कि दीपिका और रणवीर ने व्हाइट कलर की ड्रेस पहनी है. दोनों की शादी अभी कोंकणी रीति रिवाज से संपन्न हुई है. शादी की कुछ तसवीरें हमारे हाथ लगी है जिसमें परिवार के सदस्य और कुछ स्टार्स के फोटोज़ नजर आ रहे हैं. इन तसवीरें से साफ है कि दीपिका और रणवीर ने अपनी शादी के लिए खूबसूरत जगह को चुना है.गौरतलब है कि गुरुवार को दोनों सिंधी रीति-रिवाज से शादी करेंगे.बॉलीवुड के 'बाजीराव मस्तानी' की 6 साल से चली आ रही प्रेम कहानी इस तरह मुकाम पर पहुंच जायेगी.रिपोर्ट्स के मुताबिक, इटली के लेक कोमो में यह शादी संपन्न हुई, वहां से मंत्रोच्चार की आवाज बाहर तक सुनी गयी. इस शादी में लगभग 40 लोग मौजूद थे. इस दौरान सभी लोग पारंपरिक अवतार में नजर आये.रणवीर-दीपिका की शादी की निजता बनाये रखने के लिए तीन लेवल पर सिक्योरिटी के खास इंतजाम किये गये हैं.बताते चलें कि दोनों ने अपने सभी गेस्ट्स से फोटो शेयर न करने की गुजारिश की थी, इसलिए अभी तक शादी के किसी भी फंक्शन की कोई भी तस्वीर सामने नहीं आयी है. हालांकि, मीडिया में रणवीर और दीपिका की शादी की खबर आने के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लगने लगा है.डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए इटली जाने से पहले दीपिका और रणवीर ने अपने-अपने घर पर शादी से जुड़ी रस्में निभायीं. दो नवंबर को दीपिका के बेंगलुरु स्थित घर पर पूजा थी, जबकि इसके दो दिन बाद मुंबई में रणवीर की हल्दी की रस्म हुई.निजी शादी समारोह के बाद यह दीपिका और रणवीर 21 नवंबर को बेंगलुरु में और 28 नवंबर को मुंबई में रिसेप्शन पार्टी देंगे.