राजाजी टाइगर रिजर्व का मोतीचूर व चीला रेंज का प्रवेश द्वार आज से सैलानियों के लिए खोल दिया गया है। राजाजी में वरिष्ठ नागरिकों, स्कूली बच्चों और अवयस्कों को टिकट शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। मोतीचूर रेंज अधिकारी महेंद्र गिरि गोस्वामी का कहना हैं कि हर साल 15 नवंबर को सैलानियों के लिए प्रवेश द्वार खोले जाते हैं। सैलानियों के स्वागत के लिए पार्क प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। पर्यटक रेंज के भीतर जंगल सफारी का आनंद उठा पाएंगे साथ ही हाथी, मोर, हिरण, पक्षियों आदि के दीदार कर सकेंगे।
आपको बता दे कि कोरोना काल के चलते प्रवेश शुल्क और जंगल सफारी वाहन के किराए में बढ़ोत्तरी नहीं की गई है। सैलानियों के लिए 150 रुपये प्रतिव्यक्ति टिकट रखा गया है। वहीं 250 रुपये जंगल सफारी वाहन शुल्क निर्धारित किया गया है। महेंद्र गिरि ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों, स्कूली बच्चों और अवयस्कों को टिकट शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी गई है।