भारत कोई धर्मशाला नहीं है!" – गृह मंत्री अमित शाह की सख्त चेतावनी, अवैध प्रवासियों पर कड़ा एक्शन
Immigration and Foreigners Bill-2025: भारत में कोई भी जब चाहे आकर नहीं बस सकता, यह कोई धर्मशाला नहीं है। गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि व्यवसाय, शिक्षा और अनुसंधान के लिए आने वाले विदेशी नागरिकों का स्वागत है, लेकिन गलत इरादे से प्रवेश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
लोकसभा में पास हुआ ‘आव्रजन एवं विदेशी विधेयक-2025’
बुधवार को लोकसभा में ‘आव्रजन और विदेशी विधेयक-2025’ पारित कर दिया गया। इस विधेयक के तहत, केंद्र सरकार अवैध निवासियों के खिलाफ सख्त नीति अपनाएगी।
यह कानून भारत आने वाले हर विदेशी नागरिक की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएगा।
देश में प्रवेश करने वालों पर कड़ी निगरानी रखने की अनुमति देगा।
राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फर्जी पासपोर्ट या वीजा का उपयोग करने पर सात साल की जेल और ₹10 लाख का जुर्माना लगेगा।
भारत की सुरक्षा और विकास में बड़ा कदम
अमित शाह ने कहा कि यह विधेयक 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में मदद करेगा। सरकार के पास अब प्रत्येक विदेशी आगंतुक की सटीक जानकारी होगी, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा और आंतरिक स्थिरता मजबूत होगी।
विपक्ष की मांग – संयुक्त संसदीय समिति को भेजा जाए बिल
इस विधेयक पर तीन घंटे से अधिक चर्चा हुई, जिसमें विपक्षी दलों ने मांग की कि इसे संयुक्त संसदीय समिति को भेजा जाए ताकि प्रवासन और विदेशी नागरिकों से जुड़ी सेवाओं को अधिक सुगम बनाया जा सके।













