अयोध्या के राजघाट महायज्ञ में लगी भीषण आग, 1251 हवन कुंड जलकर खाक
अयोध्या, 28 मार्च 2026 | रामनगरी अयोध्या के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत राजघाट में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के समापन के दिन शनिवार दोपहर यज्ञशाला में भीषण आग लग गई। यह घटना राम मंदिर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण हवन कुंड में रखा नारियल फूटने से निकली चिंगारी बताया जा रहा है। पछुआ हवाओं के चलते आग तेजी से फैली और कुछ ही देर में 1251 हवन कुंडों वाली पूरी यज्ञशाला जलकर राख हो गई।
राहत की बात यह रही कि घटना से कुछ मिनट पहले ही करीब 4500 श्रद्धालु पूर्णाहुति के बाद बाहर निकल चुके थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यह महायज्ञ 20 मार्च से रामनवमी के अवसर पर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के नेतृत्व में आयोजित हो रहा था। दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।











