सिक्किम विधानसभा का पांच दिवसीय बजट सत्र 29 जून से
सिक्किम, गंगटोक : सिक्किम विधानसभा का बजट सत्र आगामी 29 जून से शुरू होने जा रहा है। इस संबंध में एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे गंगटोक स्थित विधानसभा कक्ष में बैठक के साथ होगी, जिसमें चालू वित्तीय वर्ष के लिए राज्य का बजट पेश किया जाएगा। विस सचिव पालित कुमार गुरुंग द्वारा जारी की गई इस अधिसूचना में बताया गया है कि विस अध्यक्ष मिंगमा नोरबू शेरपा ने विधानसभा की प्रक्रिया और कार्य संचालन नियमावली के नियम 16 के तहत सदन की बैठक बुलाई है। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बजट सत्र के लगभग पांच दिनों तक चलने की उम्मीद है। इस दौरान राज्य सरकार का वार्षिक बजट सदन के पटल पर रखा जाएगा, जिसके बाद 32 सदस्यों वाली इस विधानसभा में बजट पर विस्तृत चर्चा होगी और इसे पारित किया जाएगा। इस पांच दिवसीय सत्र में वित्तीय कार्यों को पूरा करने के साथ-साथ इस हिमालयी राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा और तय कार्यक्रम के अनुसार अन्य जरूरी विधायी कार्यों को निपटाया जाएगा।












