क्या दिल्ली की कलह मध्य प्रदेश में हानि पहुंचाएगी ?
नई दिल्ली : दिल्ली में पार्टी को लेकर चल रही खींचतान मध्य प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस को नुकसान पहुंचा सकती है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के लिए सत्ता का सूखा समाप्त करने वाले वर्ष-2018 के विधानसभा चुनाव याद कीजिए। मंदसौर में राहुल गांधी की रैली ने उस समय प्रदेश का सियासी मिजाज बदल दिया था, जब उन्होंने मंच से कर्जमाफी का वादा किया। गुटबाजी में उलझी कांग्रेस एकजुट हो गई थी, तो किसान भी कांग्रेस की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देखने लगे थे। नतीजा रहा कि कांग्रेस ने सत्ता में वापसी की लेकिन सिंधिया की बगावत के बाद प्रदेश की सत्ता कांग्रेस के हाथ से चली गयी |
पार्टी में शीर्ष स्तर पर कलह जारी है। गांधी परिवार या गैर गांधी के नेतृत्व पर पार्टी दो फाड़ होती जा रही है। इसका असर सभी राज्यों के साथ उस मप्र पर भी पड़ रहा है, जहां विस की 27 सीटों पर उपचुनाव से पार्टी सत्ता में वापसी की आस लगाए बैठी है और ये कलह इन उम्मीदों को धुंधला कर रही है। कमल नाथ, दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा, मुकुल वासनिक, अजय सिंह सहित कई प्रमुख नेताओं के दिल्ली कनेक्शन से उपजी खेमेबंदी चर्चा में है।
कांग्रेस की कलह कार्यकर्ताओं को असमंजस में तो धकेल ही रही है, आम मतदाता भी कांग्रेस को लेकर ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पा रहा है। दरअसल, कमल नाथ और दिग्विजय सिंह मप्र में संगठन के मुख्य सूत्र हैं, लेकिन दिल्ली में मची उठापटक के बाद इनकी राहें एक नहीं दिख रहीं। उपचुनाव वाले क्षेत्रों में दोनों एक साथ नहीं गए, न ही उपचुनाव को लेकर कभी चर्चा के लिए बैठे, जिससे कार्यकर्ताओं में सक्रियता का संदेश जा सके।
उधर, ग्वालियर-चंबल संभाग में भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया का विरोध करने में थोड़ी संख्या में ही कांग्रेस कार्यकर्ता सामने आए। सिंधिया के भाजपा में जाने के बाद कांग्रेस में संगठन स्तर पर काफी उथल-पुथल देखी गई। ग्वालियर-चंबल में तो लगभग पूरा संगठन ही सिंधिया के समर्थकों के हाथों में था, जो अब भाजपा में जा चुके हैं, लेकिन यहां किसी को मौका नहीं दिया जा रहा है।
प्रत्याशी तय नहीं कर सकी पार्टी
कांग्रेस उपचुनाव की 27 विस सीटों पर अब तक प्रत्याशी तय नहीं कर सकी है। कड़ी टक्कर देने के लिए वो भाजपा में विद्रोह पर नजर रखे हुए है और भाजपा के बागियों को मौका देने की तैयारी में है। दूसरी मुश्किल है युवाओं को मौका न मिलना। सिंधिया के भाजपा में जाने के बाद कांग्रेस में युवा चेहरे की कमी है, जिसे भरने के लिए कमल नाथ, दिग्विजय सिंह के पुत्रों सहित जीतू पटवारी की खींचतान सड़क से सोशल मीडिया तक देखी गई है। बुजुर्ग नेताओं के ही हावी होने की दशा में युवा भी भविष्य के लिए इंतजार की मुद्रा में हैं। उन्हें उम्मीद है कि राहुल गांधी यदि पार्टी की कमान संभालते हैं, तो उन्हें मौका मिल सकता है, लेकिन जो हालात हैं, उसमें सोनिया गांधी ही छह महीने तक अंतरिम अध्यक्ष रहेंगी और इस बीच मप्र में उपचुनाव निपट जाएंगे।
बसपा ने नियुक्ति किये प्रत्याशी
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने मप्र विधानसभा की 27 सीटों के आगामी उपचुनाव के लिए गुरवार को आठ सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर रमाकांत पिप्पल ने गुरुवार को यह घोषणा की। इन आठ उम्मीदवारों में चार अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों, जबकि चार सामान्य सीटों के उम्मीदवार हैं। ये सभी सीटें ग्वालियर-चंबल संभाग की हैं।
https://kisansatta.com/will-the-discord-of-delhi-harm-madhya-pradesh/ #Mpcongress, #Politics, #Rahulgandhi, #Soniagandhi, #WillTheDiscordOfDelhiHarmMadhyaPradesh #mpcongress, #politics, #rahulgandhi, #soniagandhi, Will the discord of Delhi harm Madhya Pradesh? National, Top, Trending #National, #Top, #Trending KISAN SATTA - सच का संकल्प