देश में हर साल 7 अगस्त को मनाया जाएगा ‘Javelin Throw Day’
Neeraj Chopra ने पिछले 13 साल से जारी ओलिंपिक में भारत के गोल्ड के सूखे को समाप्त किया। 2008 में Abhinav Bindra को गोल्ड के बाद से यह भारत का इन खेल महाकुंभ में सोने का पहला तमगा है। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) की योजना समिति ने फैसला किया है कि देश में हर साल 7 अगस्त को ‘Javelin Throw Day’ मनाया जाएगा। ज्यादा से ज्यादा युवाओं को इस खेल से जोड़ने के लिए ऐसा किया जाएगा।
7 अगस्त 2021 को ही Neeraj Chopra ने टोक्यो ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीता था। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के योजना आयोग के अध्यक्ष ललित भनोट ने यह जानकारी टोक्यो ओलिंपिक में भाग लेने वाले भारतीय ट्रैक एंड फील्ड एथलीट्स के सम्मान समारोह के दौरान कही कि अब से हर साल 7 अगस्त को ‘Javelin Throw Day’ मनाया जाएगा।
Neeraj Chopra ने इस मौके पर कहा कि इंडियन आर्मी और एथलेटिक्स फेडरेशन ने उनका बहुत साथ दिया। कोरोना की चुनौती के दौरान मेडिकल स्टाफ ने बहुत ज्यादा मेहनत की। डाइट से लेकर हर पहलू का ख्याल रखा गया। उसी का नतीजा है कि परफॉर्मेंस अच्छा हुआ है।
Neeraj Chopra ने कहा-प्रधानमंत्री ने गेम होने के बाद हमसे बात की। यह बहुत अच्छा लगा। खुशी हुई कि देश के प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से बात की। अच्छे परफॉर्मेंस के पीछे जो बड़ा कारण था वो यह था कि हर खिलाड़ी इस बार सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आया था। सबके अंदर मेडल जीतने की बात थी। इसलिए सबने पूरा जोर लगाया। हम फिजिकली और मेंटली बहुत स्ट्रॉन्ग थे। मुझे लगता है कि आने वाले ओलिंपिक में हमरा प्रदर्शन और अच्छा रहेगा।
Neeraj Chopra ने कहा कि वे जल्दी ही 90 मीटर थ्रो का रिकॉर्ड अपने नाम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ओलिंपिक में यह नहीं हो पाया। हालांकि, इससे ज्यादा जरूरी था कि हमें एथलेटिक्स में मेडल मिले और ऐसा ही हुआ। खास बात यह रही कि हमें यह मेडल गोल्ड के रूप में मिला। इस बात की मुझे बहुत खुशी है।