7 महीने बाद ऋषि कपूर ने कैंसर से जंग जीती, इस फिल्मकार ने किया खुलासा
चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर की बीमारी को लेकर असमंजस अब दूर हो गया है। उनके कैंसर मुक्त होने की खबर आ रही है। कई महीनों पहले से ऋषि न्यूयॉर्क में अपना इलाज करा रहे हैं। इतने महीनों में अब तक उनकी बीमारी के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली थी। हालांकि, इस दौरान ऋषि की कुछ तस्वीरें सामने आई थी जिससे ये कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें कैंसर हुआ है। हाल ही में ऋषि के एक खास दोस्त ने उनके कैंसर फ्री होने की पुष्टि कर दी है।
जी हां... ऋषि कपूर के खास दोस्त और फिल्ममेकर राहुल रवैल ने अपने फेसबुक अकाउंट से ऋषि के कैंसर फ्री होने की जानकारी दी है। उन्होंने ऋषि संग एक तस्वीर शेयर की है जिसके साथ कैप्शन में लिखा है कि- 'चिंटू अब पूरी तरह कैंसर फ्री हो गए हैं।' इस पोस्ट के जरिए ही पहली बार ऋषि के फैंस को ये जानकारी मिली है कि उन्हें कैंसर हुआ था। हालांकि, अब तक ऋषि के परिवार की ओर से उनकी बीमारी को लेकर किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं दी गई है।
कुछ समय पहले ही ऋषि के भाई रणधीर कपूर ने उनके कैंसर होने की खबरों का खंडन किया था। गौरतलब है कि, ऋषि पिछले साल 29 सितंबर को ट्वीटर के जरिए ये जानकारी दी थी कि, वे अपने इलाज के लिए अमेरिका जा रहे हैं। लेकिन उस वक्त ऋषि ने अपनी बीमारी को लेकर कोई खुलासा नहीं किया था। ऋषि के साथ उनकी पत्नी नीतू कपूर भी न्यूयॉर्क में ही रह रही हैं। रणबीर अपने पिता का हालचाल लेने हर थोड़े दिन में न्यूयॉर्क जाते रहते हैं। खैर अब तो ऋषि के फैंस को जल्द से जल्द उनके भारत लौटने के बेसब्री से इंतजार रहेगा।
Read the full article