चाणक्य मिष्ठान भंडार पर उपभोक्ताओं को दिनदहाड़े लूटा जा रहा बदायूं शहर के धूर्त मानसिकता के कुछेक व्यापारी अभी भी सुधरने को तैयार नहीं हैं। सरकार, प्रशासन और विभागीय सख्ती के बावजूद कुछेक व्यापारी उपभोक्ताओं को खुलेआम लूटते नजर आ रहे हैं। गुणवत्ता में कमी आई है, वहीं डिब्बे भी मिठाई के दाम में ही जबरन थोपे जा रहे हैं। उपभोक्ता आपत्ति करता है, फिर भी लुटेरी मानसिकता के व्यापारी मनमानी करते नजर आ रहे हैं। बात फिलहाल सुभाष चौक पर स्थित चाणक्य मिष्ठान भंडार की है, यहाँ मिठाई की गुणवत्ता में निरंतर कमी आ रही है, साथ ही साफ-सफाई भी नहीं रहती, यह सब सुधारने की जगह उपभोक्ताओं को डिब्बा मिठाई के मूल्य में ही दिया जा रहा है। विभिन्न प्रकार की मिठाईयों के अलग-अलग दाम हैं। चार सौ रूपये प्रति किग्रा से लेकर हजार रूपये प्रति किग्रा तक की मिठाईयां हैं, जो डिब्बे में भर कर ही तौली जा रही हैं, जिससे सौ ग्राम से भी अधिक वजन का डिब्बा हजार रूपये किग्रा वाली मिठाई के साथ हजार रूपये किग्रा के दाम में ही बेचा जा रहा है। किसी उपभोक्ता को बिल नहीं दिया जाता, जिससे जीएसटी की चोरी भी की जा रही है। सरकार और प्रशासन की सख्ती के चलते विभागीय अफसरों द्वारा जिले भर के व्यापरियों को चेतावनी पहले ही दी जा चुकी है कि डिब्बा मिठाई के साथ न तौलें, साथ ही अफसरों ने व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर नोटिस भी लगवा रखा है, जिस पर लिखा है कि मिठाई डिब्बा के बिना तौली जायेगी, इसके बावजूद चाणक्य मिष्ठान भंडार पर दिनदहाड़े खुलेआम उपभोक्ताओं को लूटा जा रहा है। सर्वाधिक नुकसान वर्थ डे केक खरीदने वाले उपभोक्ताओं को होता है। वर्थ डे केक रखने का डिब्बा सबसे भारी होता है, जिसे केक के साथ ही तौल कर केक के मूल्य में ही डिब्बा जबरन दिया जाता है। खाद्य विभाग के अभिहित अधिकारी चंद्रशेखर मिश्रा ने बताया कि चाणक्य मिष्ठान भंडार के स्वामी के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की जायेगी। (गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)