अजलान शाह हॉकीः मनदीप की हैट्रिक ने कनाडा को 7-3 से रौंदा, भारत फाइनल में
लेपंगा न्यूज डेस्क, अशोक योगी। अजलन शाह कप हॉकी टूर्नामेंट में स्ट्राइकर मनदीप सिंह की हैट्रिक की सहायता से भारत ने कनाडा को 7-3 से रौंदकर फाइनल में जगह बना ली है। इस जीत से भारत ने टूर्नामेंट में अभी तक अपराजेय अभियान जारी रखा। भारत की ओर से मनदीप ने 20वें, 27वें और 29वें मिनट में गोल दागे। इससे पहले वरुण कुमार ने भारत को 12वें मिनट में बढ़त दिलाई थी। हाफटाइम में भारत 4-0 से आगे था। कनाडा की ओर से मार्क पीयरसन ने 35वें मिनट में गोल दागा।
भारत के लिए अमित रोहिदास ने 39वें, विवेक प्रसाद ने 55वें और नीलाकांता शर्मा ने 58वें मिनट में गोल दागा। कनाडा के लिए फिन बूथरायड ने 50वें और जेम्स वालास ने 57वें मिनट में गोल दागे। ग्रुप चरण में भारत ने तीन मैच जीते और एक ड्रॉ खेलकर 10 अंक प्राप्त किया है। भारत ने इससे पहले एशियाई चैम्पियन जापान को 2-0 से और मेजबान मलेशिया को 4-2 से मात दी थी। भारतीय टीम ने दूसरे मुकाबले में दक्षिण कोरिया से 1-1 से ड्रॉ खेला था। अब एक मैच बाकी रहते भारत फाइनल में पहुंच गया है। उसे शुक्रवार को पोलैंड से आखिरी लीग मैच खेलना है। कोरिया सात अंक लेकर दूसरे स्थान पर है, जबकि मलेशिया और कनाडा के छह अंक है। #HOCKEY #hockeyindia #mandeepsing #mandeepsingh #varunkumar #winhockey #news #hindinews #latestnews











